चार साथियों को मार, फिर खुद को मारी गोली
अमृतसर,(राजदार टाइम्स):
बार्डर सिक्योरिटी फोर्स के खासा हेडक्वार्टर में रविवार को ड्यूटी से नाराज एक जवान ने अपने ही साथियों पर फायरिंग कर दी। अपने साथियों पर फायरिंग करने के बाद जवान ने खुद को भी गोली मार ली। गोलीबारी में आरोपी समेत पांच जवानों की मृत्यु हो गई है।

मिली जानकारी अनुसार अमृतसर से लगभग 13 किलोमीटर दूर स्थित बीएसएफ खासा हेडक्वार्टर में बीएसएफ की 144 बटालियन तैनात है। जानकारी के अनुसार कांस्टेबल सत्तेप्पा से ज्यादा ड्यूटी को लेकर वह परेशान था। ड्यूटी को लेकर ही इस कांस्टेबल की शनिवार को अपने एक अधिकारी से बहस भी हुई थी। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के लिए कर्नाटक निवासी कांस्टेबल सत्तेप्पा एसके अपने कुछ साथियों से नाराज चल रहा था। रविवार सुबह बीएसएफ कैंपस में जवानों के लिए बनाई मेस में जवान नाश्ता कर रहे थे। इस समय सत्तेप्पा अपने हाथों में सर्विस राइफिल लेकर वहां पहुंचा और उसने बिहार के हवलदार राम विनोद, महाराष्ट्र के रहने वाले हवलदार तोरस्कर डीएस, जम्मू एवं कश्मीर के रहने वाले हवलदार रतन सिंह और पानीपत (हरियाणा) के रहने वाले हवलदार बलजिंदर कुमार सहित अन्य पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सत्तेप्पा ने अपने साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग करने के बाद खुद को भी गोली मार ली। सत्तेप्पा और फायरिंग में जख्मी हुए कांस्टेबल राहुल सहित तीन अन्य कर्मचारियों को गुरु नानक देव अस्पताल में ले जाया गया, जहां सत्तेप्पा की भी मृत्यु हो गई। इस फायरिंग में हवलदार राम विनोद, तोरस्कर डीएस, रतन सिंह तथा बलजिंदर कुमार की मृत्यु हो गई। जबकि राहुल सहित बीएसएफ के तीन अन्य कर्मचारियों की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंचे बार्डर सिक्योरिटी फोर्स के आईजी स्तर के अधिकारी ने आपसी झगड़ा या ड्यूटी विवाद नहीं होने की बात कहते हुए बताया कि इसमें कोर्ट आफ इंक्वायरी के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इसमें पुलिस भी जांच कर रही है।

Previous articleपाकिस्तान की नापाक हरकत आई सामने, दो बार ड्रोन भेजा
Next articleउत्तर प्रदेश में अंतिम दौर की हो रही 54 सीटों पर वोटिंग