सत्गुरु माता सुदीक्षा महाराज लोगों को ईश्वर का ज्ञान देकर मानव एकता स्थापित करने का दे रही हैं संदेश
सांसद राजकुमार चब्बेवाल, विधायक कर्मबीर घुमन व अन्य गणमान्य व्यक्ति रहे विशेष रूप से उपस्थित
दसूहा,(राजदार टाइम्स): ‘रक्त गलियों एवं नालियों में नहीं, बल्कि मानव रगों में बहना चाहिए’ के सिद्धांत को चरितार्थ करते हुए सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज की असीम कृपा से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा संत निरंकारी सत्संग भवन शाखा भट्टी गाँव में ज़ोनल इंचार्ज एम.एल शर्मा तथा शाखा समन्वयक डॉ.सुरिंदरपाल सिंह के कुशल नेतृत्व में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में क्षेत्रीय संचालक दलजीत कुमार, सेवादल संचालक प्रकाश सिंह, अध्यापक ओंकार सिंह, सहायक अध्यापक बलजीत सिंह, संचालिका बहन हरदीप कौर, अध्यापिका बहन राकेश कौर आदि उपस्थित थे। इस विशाल रक्तदान शिविर में सिविल अस्पताल दसूहा, सिविल अस्पताल मुकेरियां, सिविल अस्पताल पठानकोट तथा भाई घन्हाई जी चैरिटेबल ब्लड सेंटर होशियारपुर की ब्लड बैंक टीमों ने 221 यूनिट रक्तदाताओं द्वारा दान किया गया रक्त एकत्रित किया। रक्तदान शिविर के दौरान महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। इस शिविर में दसूहा, मक्कोवाल, हरियाना, गढ़दीवाला, टेरकियाना, टांडा आदि गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। शिविर में सांसद डॉ.राज कुमार चब्बेवाल, विधायक एडवोकेट कर्मबीर सिंह घुम्मण के अलावा अन्य गणमान्य हस्तियों ने इस विशाल रक्तदान शिविर में विशेष रूप से भाग लिया। मिशन के जोनल इंचार्ज महात्मा एम.एल शर्मा ने कहा कि निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा हर वर्ष रक्तदान शिविरों का आयोजन अब तक निरंतर जारी है।

उन्होंने कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज मानव मात्र को ईश्वर की जानकारी देकर मानवीय एकता स्थापित करने का संदेश दे रहे हैं। सांसद डॉ.राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि निरंकारी मिशन का यह एक महान प्रयास है। मानवता और भाईचारे का संदेश देते हुए निरंकारी मिशन निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर है। विधायक एडवोकेट कर्मबीर सिंह घुम्मण ने कहा कि निरंकारी मिशन समय-समय पर मानव कल्याण के कार्य करता है जो सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि दान किया गया रक्त न केवल मानव जीवन बचाता है, बल्कि मानव को मानवता के सूत्र में बांधने का भी काम करता है। दसूहा के संयोजक डॉ.सुरिंदरपाल सिंह ने प्रमुख हस्तियों, रक्तदाताओं, डॉक्टरों व कर्मचारियों, सेवादल भाई-बहनों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों से अस्पतालों में रक्त की आपूर्ति में मदद मिलती है। हमें रक्तदान शिविरों में अधिक से अधिक भाग लेना चाहिए। ताकि मानवता का कल्याण हो सके। शिविर में सेवादल भाई-बहनों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। इस अवसर पर रक्तदाताओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।