दातारपुर,(एसपी शर्मा): भारत ने आर्थिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय रच दिया है।‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर चलते हुए मोदी सरकार ने समाज के सबसे कमजोर वर्गों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। भाजपा दसूहा विधानसभा चुनाव क्षेत्र इंचार्ज रघुनाथ राणा ने कहा कि यही वजह है कि दूरदर्शी नेतृत्व में भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। राणा ने कहा कि 4.186 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ भारत ने जर्मनी जैसे विकसित देश को पीछे छोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा यह उपलब्धि 140 करोड़ भारतीयों के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संघर्ष, परिश्रम और सपनों की साकार तस्वीर है। रघुनाथ राणा ने कहा कि एक दशक पहले भारत कई आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन आज यह दुनिया की आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर चुका है। भारत मज़बूत और स्थिर नेतृत्व में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। हालांकि यह सफर आसान क़तई नहीं था लेकिन मजबूत नेतृत्व, साहसी नीतियों और जनभागीदारी की बदौलत भारत ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि साल 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, उस समय भारत दुनिया की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, करीब 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और कई नीतिगत समस्याएं देश की गति को रोक रही थीं। अगले दस वर्षों में, भारत ने एक के बाद एक आर्थिक सुधारों और नीतिगत फैसलों के जरिए विकास की रफ्तार तेज कर दी। 2019 में भारत ने ब्रिटेन को पछाड़कर पांचवां स्थान प्राप्त किया और 2024 में जर्मनी को पीछे छोड़ते हुए चौथे स्थान पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक दोनों ने इस उपलब्धि की पुष्टि की है और भारत की जीडीपी को 4.186 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर बताया है। इस अवसर पर कैप्टन रविंद्र शर्मा, कैप्टन ओंकार सिंह, दलजीत सिंह जीतु, डाक्टर सुभाष चंद्र, सुनील सोनी तथा अन्य उपस्थित थे।