कहा, आपराधिक मनोवृत्ति वाले लोगों पर वर्तमान क़ानूनी व्यवस्था का नहीं कोई डर

मुकेरियां,(राजदार टाइम्स): होशियारपुर में मासूम हरवीर के साथ अमानवीय अत्याचार कर बेरहमी से हत्या करने वाले दोषी के लिए शीघ्र फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करके यथा शीघ्र दोषी को फाँसी की सजा देकर एक जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया जाए। ताकि अपराधिक मनोवृत्ति वाले असामाजिक तत्वों की ऐसे अपराध के विषय में सोचने पर भी रूह काँप उठे। उक्त विचार भाजपा के वरिष्ठ नेता शम्भू नाथ भारती मोजोवाल ने प्रकट किए। उन्होंने कहा कि यह एक जघन्य से भी जघन्यतम अपराध है। जिसकी जितनी भर्त्सना की जाए कम है। भारती ने कहा कि इस हत्याकाण्ड से एक बार फिर यह साबित हो गया है कि आपराधिक मनोवृत्ति वाले लोगों पर वर्तमान क़ानूनी व्यवस्था का कोई डर नहीं है। इसलिए क़ानून व्यवस्था एवं न्यायलय की प्रक्रिया में आमूलचूल परिवर्तन कर और अधिक सुधार करने की आवश्यकता है, ताकि न्यायलय की लंबे समय तक चलने वाली ढुलमुल प्रक्रिया से लोगों को निजात मिल सके। भारती ने कहा कि केसों की अधिकता के कारण न्यायालय बहुत कम पड़ रहे हैं। इसलिए अधिक से अधिक न्यायालयों की स्थापना करने की आवश्यकता है ताकि लोगों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय मिल सके। विलम्ब से मिलने वाला न्याय अपने आप में एक घोर अन्याय है जो नागरिकों को न्याय प्राप्ति के संवैधानिक अधिकारों से वंचित करता है। भारती ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील करते हुए कहा कि पंजाब में भी हिमाचल सरकार की तर्ज़ पर क़ानून बना कर प्रवासियों के मालिकाना हक़ देने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना चाहिए एवं यहाँ रह रहे प्रवासियों की पहचान पत्र पुलिस थानों में ना देने की सूरत में उनको किराए पर मकान देने वालों को भी क़ानून के दायरे में लाकर ज़िम्मेदार बनाया जाए। इस अवसर पर रोमी, जसकरण सिंह, रमण कुमार, रोहित, पवन, नंदनपाल सिंह उपस्थित हुए।