फगवाड़ा,(शिव कौड़ा): भाजपा किसान मोर्चा ने आज फगवाड़ा में सैंकड़ों ट्रैक्टरों के साथ विशाल रैली निकाल कर विपक्षी दलों को बड़ा संदेश दिया है। लोकसभा हलका होशियारपुर से भाजपा की उम्मीदवार अनीता सोम प्रकाश के पक्ष में विशाल ट्रैक्टर रैली का आयोजन भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव अवतार सिंह मंड के दिशा-निर्देशानुसार मंडल पांछटा के प्रधान गगन सोनी और सोनू रावलपिंडी की अगवाई में किया गया। लगभग पांच सौ ट्रैक्टरों का यह काफिला रैली की शक्ल में रावलपिंडी से शुरु होकर होशियारपुर रोड और जी.टी रोड बंगा रोड से होकर गुरु हरगोबिंद नगर फगवाड़ा में केन्द्रीय राज्यमंत्री सोम प्रकाश कैंथ एवं होशियारपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी अनीता सोम प्रकाश के सानिध्य में चल रही जनता की रसोई में आकर समाप्त हुआ। जहां भाजपा के पंजाब प्रभारी एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने ट्रैक्टर रैली का स्वागत किया। इस दौरान वार्तालाप में अवतार सिंह मंड ने कहा कि आज की इस विशाल ट्रैक्टर रैली ने यह साबित कर दिया है कि पूरे देश की तरह ही पंजाब के किसान भी भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हैं। क्योंकि वह भी पंजाब की खुशहाली और देश की तरक्की चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अन्नदाता को ढाल बना कर विपक्षी दलों के लोग एक सुनियोजित साजिश के तहत पंजाब में भाजपा का विरोध कर रहे हैं क्योंकि उन्हें प्रदेश की सभी तेरह लोकसभा सीटों पर अपनी हार साफ दिखाई दे रही है। इस दौरान विजय रुपाणी ने समूह किसानों से पुरजोर अपील कर कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में सहयोग करें क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हर कदम किसान हित में है। तीसरी बार केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने पर देश भर के किसानों के हित में कारगर नीतियां बनाई जायेंगी, जिससे पंजाब का किसान भी ऋण मुक्त और खुशहाल होगा। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री सोम प्रकाश कैंथ और भाजपा प्रत्याशी अनीता सोम प्रकाश ने इस रैली को सफल बनाने तथा भाजपा के साथ एकजुटता दिखाने के लिये सभी किसान भाईयों का हृदय से आभार प्रकट किया। इस अवसर पर फगवाड़ा की समुची भाजपा लीडरशिप भी उपस्थित थी।

Previous articleवेव इस्टेट में सुभाष शर्मा के पक्ष में हुई चुनावी सभा
Next articleसंघ मित्रा बुद्ध विहार में श्रद्धा पूर्वक करवाया बुद्ध पूर्णिमा को समर्पित समागम