पंजाब सरकार दिहाड़ी को 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे करने के  नोटीफिकेशन को तुरंत वापिस ले : नेकू/हैप्पी/सतीश 

होशियारपुर,(तरसेम दीवाना): बेगमपुरा टाईगर फोर्स की ओर से फोर्स के दोआबा प्रधान नेकू अजनोहा के ज़िला प्रधान हैप्पी फतेहगढ़ की अध्यक्षता में डिप्टी कमिशनर कोमल मित्तल को भगवंत मान मुख्यमन्त्री पंजाब के नाम एक मांग पत्र दिया गया। फोर्स के नेताओं ने मुख्यमन्त्री पंजाब को भेजे गये मांग पत्र में मांग की कि पंजाब सरकार ने जो मज़दूरों की दिहाड़ी का समय 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे किया है उस नोटीफिकेशन को तुरंत वापिस लिया जाये। मांग पत्र में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आम आदमी की भलाई के लिए नहीं बल्कि कार्पोरेट घरानों के लिए बनी है। मांग पत्र में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से मज़दूरों की दिहाड़ी का समय 12 घंटे गरीब/मज़दूरों के लिए विरोधी नीति है। मज़दूर वर्ग की ओर से इसको कभी भी बर्दाशत नही किया जायेगा। फोर्स के नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने लोगों को गुमराह करके पंजाब की सत्ता छीन ली थी, पर अब पंजाब सरकार कार्पोरेट घरानों को फायदा देने के लिए गरीब विरोधी नीतियां लागू कर रही है। मज़दूरों की दिहाड़ी का समय 8 घंटे होने के कारण पहले मज़दूरों को 8 घंटे से अधिक समय लगाने से दो गुणा मेहनत का फल मिलता था, जोकि अब 12 घंटे से अधिक समय लगाने पर ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत के संविधान निर्माता बाबा साहिब भीम राव अम्बेडकर की द्वारा मज़दूरों की दिहाड़ी का समय घटा कर 8 घंटे किया गया था, परन्तु मौजूदा आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार ने आर.आर.एस के इशारे पर मज़दूर तथा दलित विरोधी नोटीफिकेशन जारी कर दिया है। पंजाब सरकार मज़दूरों की दिहाड़ी का समय 8 घंटे नियत कीे नही तो समूह मज़दूर/दलित वर्ग सड़कों पर आ जायेगा, जिसकी सारी ज़िम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी। इस अवसर पर अन्यों के इलावा सतीश कुमार शेरगढ़ ज़िला सीनियर उप-प्रधान, नरेश कुमार ज़िला प्रधान, साबी डी.जे सुन्दर नगर,  रवि सुन्दर नगर, राज कुमार बद्धण शेरगढ़ प्रधान ब्लाक-2 आदि उपस्थित थे।