दिपावाली पर कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली एवं 12 प्रतिशत डीए की घोषणा करे सरकार : महाजन/सतीश
मुकेरियां,(शौर्य प्रजाप सिंह राणा):
पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति इकाई मुकरियां के अध्यक्ष रजत महाजन व महासचिव सतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब सरकार को दिवाली पर कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली और 12 प्रतिशत डी.ए की घोषणा कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पिछले साल भी दिवाली के मौके पर कर्मचारियों से केवल झूठे वायदे ही किए थे। जिसके कारण कर्मचारियों की दिवाली पूरी तरह से फीकी रही थी और कर्मचारी काली दिवाली मनाने को मजबूर रहे थे। कर्मचारियों को इस बार पंजाब सरकार से काफी उम्मीदें हैं कि पंजाब सरकार इस वर्ष दिवाली के अवसर पर कर्मचारियों को 12 फ्रतिशत डी.ए और पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा अवश्य कर देगी। उन्होंने कहा कि सरकार को पुरानी पेंशन की अधूरी अधिसूचना किए हुए काफी समय बीत चुका है। इसलिए सरकार को जल्द से जल्द एस.ओ.पी जारी करके कर्मचारियों के सी.पी.एफ खाते बंद कर जी.पी.एफ खाते खोलने चाहिए। केंद्र सरकार ने जुलाई से 4 प्रतिशत डी.ए की घोषणा की है। जिससे कुल डी.ए 16 प्रतिशत हो गया है, इसलिए पंजाब सरकार को भी जल्द से जल्द शेष डी.ए की घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इस बार भी कर्मचारियों की दिवाली फीकी रही तो कर्मचारियों में बहुत भारी रोष होगा और आने वाले आम चुनावों में पंजाब सरकार को कर्मचारियों के भारी रोष का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार लंबे समय से कर्मचारियों के साथ धोखा कर रही है, जिसे अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर अमर सिंह, बलविन्द्र टॉक, बृज मोहन, परमजीत, राज कुमार, रणवीर सिंह, गुल्विंदर सिंह और सुरिंद्र सिंह आदि साथी उपस्थित रहे।