प्रदेश की मंडियों से अब तक 17 लाख 61 हजार मीट्रिक टन धान की हो चुकी है खरीद: लाल चंद कटारुचक्क
खाद्य, सिविल सप्लाई व उपभोक्ता मामले और वन व वन्य जीव मंत्री ने दाना मंडी टांडा व मुकेरियां में लिया धान की खरीद प्रबंधों का जायजा
कहा, किसानों को अब तक की जा चुकी है गई 2350 करोड़ रुपए की अदायगी
पंजाब में धान की सुचारु खरीद, साथ-साथ लिफ्टिंग व अदायगी के किए पुख्ता प्रबंध: कटारुचक्क
टांडा/मुकेरियां,(राकेश राणा): खाद्य, सिविल सप्लाई व उपभोक्ता मामले और वन व वन्य जीव मंत्री पंजाब लाल चंद कटारुचक्क ने टांडा व मुकेरियां दाना मंडी में पहुंच कर धान की खरीद व अन्य प्रबंधों का जायजा लिया। मंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में खाद्य व आपूर्ति विभाग के अधिकारी और वे स्वंय मंडियों में पहुंच कर खरीद प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 1854 मंडियों में धान की खरीद का सीजन सुचारु तरीके से चल रहा है। मंत्री ने कहा कि अब तक प्रदेश की मंडियों में 18 लाख 72 हजार मीट्रिक टन धान की आमद हो चुकी है और 17 लाख 61 हजार मीट्रिक टन धान की मंडियों से खरीद की जा चुकी है, इसके अलावा किसानों को 2350 करोड़ रुपए की अदायगी की जा चुकी है। लिफ्टिंग व खरीदे गए धान की 24 घंटे में अदायगी यकीनी बनाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। वर्ष में आने वाले धान व गेहूं के दो सीजन पंजाब की आर्थिकता को बढ़ावा देने में अहम योगदान डालते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि पंजाब केंद्रीय पोल के 182 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य को पूरा कर लेगा। पिछली सरकारों के समय किसानों को दीवाली व दशहरे जैसे अहम त्यौहारों के मौके पर भी अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में ही रातें काटनी पड़ती थी परंतु अब किसानों को मंडियों में रातें नहीं काटने देंगे। उन्होंने बताया कि मंडियों में बिकने के लिए आने वाली फसल की नमी चैक करने के लिए पूरे बंदोबस्त किए गए हैं। उन्होंने प्रदेश के किसानों को अपील की कि मंडियों में फसल पूरी तरह से सूखा कर लाई जाए व पराली को आग लगाने के स्थान पर उसके उचित प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाए। समूची खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी को भी कोई मुश्किल पेश नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने उपस्थित किसानों, आढ़तियों व मजदूरों के साथ बातचीत भी की। इस मौके पर विधायक उडमुड़ जसवीर सिंह राजा गिल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) राहुल चाबा, हल्का इंचार्ज मुकेरियां प्रो.जी.एस मुल्तानी, चेयरमैन मार्किट कमेटी मुकेरियां हरजीत सिंह सहोता, नगर सुधार ट्रस्ट होशियारपुर के चेयरमैन हरमीत सिंह औलख, जिला खाद्य व आपूर्ति कंट्रोलर मैडम मधू, ब्लाक अध्यक्ष टांडा केशव सैनी, शहरी अध्यक्ष जगजीव जग्गी, अजीत नारंग, रजिंदर अग्रवाल, संजीव आनंद के अलावा विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।