पठानकोट के बामियाल क्षेत्र मेंं आई बाढ़
उझ दरिया उफान पर, प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का लिया जायजा
पठानकोट,(बिट्टा काटल): पिछले दिनों से लगातार पहाड़ों में हो रही बारिश के कारण एक बार फिर से उझ दरिया उफान पर है। उझ दरिया में लगभग 2 लाख 50 हजार क्यूसेक पानी छोडऩे से पानी बमियाल चौक तक पहुंच गया जोकि लोगों के घरों, बाजार, सरकारी दफ्तरों में भी भर गया। बढ़ रहे पानी की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने अधिकारियों को दरिया के पानी से हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी।
जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी बाढ़ जैसी स्थिति बनी थी, जिसमें 1.80 लाख क्यूसेक पानी दरिया में छोड़ा गया था। अब 2.50 लाख क्यूसेक पानी आने से पहले से ज्यादा फसलों का नुकसान हुआ है। वहीं, इस बारे में बात करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि उझ दरिया में एक बार फिर से पानी ज्यादा आने के कारण उनका काफी नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दरिया में लगभग 2.50 लाख क्यूसेक पानी आ गया है। जिसके कारण बमियाल के अलग-अलग सरकारी दफ्तरों, बाजारों में पानी भर गया। फिलहाल स्थिति अभी तक कंट्रोल में है। किसी तरह का कोई भी जानी माली नुकसान नहीं हुआ है। लोगों को दरिया किनारे से दूर रहने की हिदायत भी की जा रही है।

Previous articleकाल के गाल में समा गईं 16 जिंदगियां, चमोली हादसे में क्या-क्या हुआ?
Next articleदसूहा पुलिस ने पकड़ा अवैध शराब से लदा ट्रक, झारखंड-गुजरात में करनी थी डिलीवरी