जल संसाधन मंत्री ने किया मुकेरियां के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
मुकेरियां,(राकेश राणा):
लगातार हो रही बारिश एवं नदियों में जलस्तर बढऩे के कारण राज्य के कई क्षेत्र बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। पंजाब सरकार इन क्षेत्रों के लोगों की मदद के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है। यह विचार पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज मुकेरियां विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लेने के दौरान कही। उन्होंने महिताबपुर, कोलियां तथा अन्य प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। जल संसाधन मंत्री ने प्रभावित लोगों से बातचीत की तथा उनकी समस्याएं सुनी और अधिकारियों को मौके पर जरूरतमंदों तक हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नदियों में जलस्तर बढऩे से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। पंजाब सरकार लोगों की फसलों और अन्य नुकसान की पूरी भरपाई करेगी। पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की निगरानी के लिए विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों की ड्यूटी लगाई है, जोकि विभिन्न जिलों का दौरा कर प्रभावित गांवों के निवासियों तक सीधे पहुंच रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोई भी प्रभावित क्षेत्र छूट न जाए, इसके लिए सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंत्री गोयल ने कहा कि प्रकृति के सामने किसी का जोर नहीं है और इस समय लगातार बारिश के कारण मैदानी क्षेत्रों में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। इस नाजुक मौके पर पंजाब सरकार एवं जल संसाधन विभाग ने व्यवस्थित तरीके से काम करते हुए डैमों से थोड़ा-थोड़ा पानी छोडऩे को सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता यह है कि नुकसान कम से कम हो। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य देखभाल, राशन उपलब्ध कराने और पशुधन की देखभाल को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार स्थिति पर 24 घंटे नजर रख रही है। बाढ़ रोकथाम कार्यों के बारे में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने बाढ़ रोकथाम कार्यों पर 276 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। इसके अलावा, बांधों पर मिट्टी के बोरे भरकर रखे गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत उपयोग किया जा सके। इस अवसर पर लोकसभा सांसद डॉ.राज कुमार चब्बेवाल, विधायक उड़मुड़ जसबीर सिंह राजा गिल, विधायक दसूहा कर्मवीर सिंह घुम्मण, डिप्टी आशिका जैन, मुकेरियां विधानसभा के इंचार्ज प्रो.जी.एस मुल्तानी, जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर हरदीप सिंह मेहंदीरत्ता, एस.डी.एम मुकेरियां अंकुर महिंद्रू के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी, संबंधित गांवों के सरपंच और ग्रामीण उपस्थित थे।