विधायक ईशांक ने दी जानकारी, मुख्यमंत्री मान व सांसद राज कुमार का जताया धन्यवाद
चब्बेवाल,(तरसेम दीवाना): विधान सभा क्षेत्र में विकास की गति लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में गांव नडालों की फिरनी सडक़ (जोकि नडालों गांव से नडालों पुल तक जाती है) को 18 फुट चौड़ी सीमेंट कंक्रीट लिंक सडक़ के रूप में विकसित करने की मंजूरी मिल गई है। यह जानकारी क्षेत्र के विधायक डॉ.ईशांक कुमार ने एक विशेष मुलाकात दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए ₹1 करोड़ 56 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। यह सडक़ लंबे समय से ग्रामीणों की मांग थी, क्योंकि बारिश में यह रास्ता कीचड़ से भर जाता था एवं रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कत होती थी। विधायक डॉ.ईशांक कुमार ने बताया कि अब यह सडक़ सीमेंट कंक्रीट से बनेगी। जिससे यह सालों तक मजबूत बनी रहेगी तथा छात्रों, किसानों, व्यापारियों सहित सभी नागरिकों को सुविधा मिलेगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिलने व धनराशि जारी होने पर उन्होंने विशेष रूप से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा होशियारपुर से सांसद डॉ.राज कुमार चब्बेवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में गांव-गांव तक पक्की सडक़ों, सीवरेज, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। विधायक ने कहा कि ‘यह विकास का युग है, जहां सरकार आम लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है’। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में चब्बेवाल क्षेत्र में और भी नई विकास योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने पंजाब सरकार एवं सांसद डॉ.राज कुमार चब्बेवाल को धन्यवाद दिया, जिन्होंने इस विकास कार्य को संभव बनाया।