जिले के सभी ब्लाकों में लगाए जा रहे हैं प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट: ब्रम शंकर जिंपा
मंत्री ने गांव बजवाड़ा बैंक कालोनी में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का रखा नींव पत्थर
16 लाख रुपए वाले प्रोजेक्ट में बेलिंग मशीन व शरेडिड मशीन की सहायता से वेस्ट प्लास्टिक के बनाए जाएंगे ब्लॉक
होशियारपुर,(राजदार टाइम्स): पंजाब के राजस्व मंत्री पंजाब ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि प्लास्टिक की रोकथाम व सही प्रयोग को लेकर जल सप्लाई व सैनीटेशन विभाग के सहयोग से जिले के सभी ब्लाकों में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट लगाए जाएंगे, जोकि उस ब्लाक के संबंधित गांवों से प्लास्टिक वेस्ट एकत्र कर उक्त यूनिट तक पहुंचाएंगे। वे गांव बजवाड़ा बैंक कालोनी में ब्लाक होशियारपुर-2 के बनने जा रहे प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट फॉर ब्लॉक का नींव पत्थर रखने के दौरान गांव वासियों को संबोधित कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि गांव बजवाड़ा में 16 लाख रुपए की लागत से यह प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित किया जा रहा है। इस यूनिट में वेस्ट प्लास्टिक को बेलिंग मशीन व शरेडिड मशीन की सहायता से ब्लॉक बनाया जाएगा और उसके बाद इन ब्लॉकों को संबंधित उद्योगों व सडक़ निर्माण में प्रयोग के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अपने आप में बहुत ही बेहतरीन प्रोजैक्ट है और आने वाले दिनों में जिले के सभी ब्लाकों में यह प्रोजैक्ट तैयार हो जाएंगे। ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि प्लास्टिक जहां हमारे लिए उपयोगी है वहीं यह वातावरण को बहुत नुकसान भी पहुंचा रहा है। इस लिए इसके प्रयोग के बाद इसका सही निस्तारण बहुत जरुरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से पर्यावरण को साफ सुथरा रखने को लेकर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। गांवों में सालिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर चलाए जा रहे अभियान की कड़ी में ब्लाक स्तर पर यह यूनिट स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे जहां प्लास्टिक वेस्ट से लोगों को राहत मिलेगी वहीं पंचायत की आय भी बढ़ेगी। इस मौके पर मेयर सुरिंदर कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन सैनी, एक्सिन जल सप्लाई व सैनीटेशन विभाग सिमरनजीत सिंह खांबा, सतवंत सिंह सियाण के अलावा गांव की पंचायत व विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Previous articleगांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पंजाब सरकार कर रही योजनाबद्ध तरीके से कार्य: ब्रम शंकर जिंपा
Next articleजनता की हर समस्या के समाधान के लिए पंजाब सरकार वचनबद्ध: ब्रम शंकर जिंपा