कैंब्रिज ओवरसीज़ स्कूल ने मेरी माटी मेरा देश अभियान में दर्ज करवाई अपनी भागीदारी
बच्चों ने अपने घरों में से मिट्टी लाकर अमृत कलश यात्रा में दिया अपना योगदान
मुकेरियां,(राजदार टाइम्स): कैंब्रिज ओवरसीज़ स्कूल ने हर समय बच्चों के संपूर्ण विकास को मध्य नजऱ रखते हुए हर एक उत्सव, पर्व तथा देश में चलाए गए हर एक अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लिया है। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए अभियान मेरी माटी मेरा देश में विद्यालय के बच्चों द्वारा पूरे उत्साह के साथ भाग लिया गया। इस अभियान के अंतर्गत विद्यालय में एक विशेष प्रार्थना सभा करवाई गई। जिसमें कक्षा पहली से लेकर बारहवीं तक के छात्रों ने बड़े उल्लास के साथ हिस्सा लेते हुए देश के प्रति अपनी देश भक्ति एवं देश प्रेम को प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा इस अभियान के अंतर्गत देशभक्ति से परिपूर्ण कविताएं, स्लोगन प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही देश की रक्षा के लिए अपनी जान को न्यौछावर करने वाले सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई। बच्चों द्वारा शपथ भी ग्रहण की गई। इस अभियान के तहत बच्चों ने अपने-अपने घरों में से मिट्टी लाकर अमृत कलश यात्रा में भी अपना योगदान दिया। बच्चों द्वारा इस अभियान के दौरान पौधे आरोपण भी किए गए। इस तरह इस अभियान में हिस्सा लेकर बच्चों ने अपने देश के प्रति देशभक्ति तथा प्रेम भावना को और भी अधिक सशक्त बनाया। स्कूल की प्रधानाचार्या मोनिका ठाकुर ने बच्चों को इस अभियान की महत्वता के बारे में बताते हुए देश के सेनानियों तथा क्रांतिकारियों के प्रति सम्मान तथा गर्व की भावना को विकसित करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर एम.डी सचिन सम्याल व चेयरपर्सन शिखा सम्याल ने छात्रों की सराहना करते हुए देशभक्ति के पथ पर चलते हुए देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।