समाज सेवा का कार्य करने वाले युवाओं पर पर्चा दर्ज करने की बजाय पंजाब सरकार करें उन्हें सम्मानित : हरदेव सिंह उभ्भा
केजरीवाल की पार्टी की सरकार भाना सिद्धू को तुरंत व बिना शर्त करें रिहा
मोहाली,(राजदार टाइम्स): भाजपा पंजाब के प्रदेश प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभ्भा ने भाना सिद्धू की गिरफ्तारी और उसके भाई के खिलाफ मामला दर्ज करने की निंदा करते हुए कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है। उस समय से पंजाब के हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं, लोगों ने ऐसे बदलाव की कल्पना नहीं की थी। पंजाब की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। सरकार पंजाब के लोगों का ध्यान असल मुद्दो से भटकाने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रही है।उन्होंने कहा कि पंजाब की आर्थिक स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है, पंजाब में धोखाधड़ी करने वाले लोगों पर कार्रवाई करने की बजाय जनता की बात करने वालों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जोकि बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उद्यमी अपना कारोबार दूसरे राज्यों में स्थानांतरित कर रहे हैं, लोगों से फिरौतीयां मांगी जा रही है। लेकिन केजरीवाल की पार्टी और उनके मुख्यमंत्री भगवंत मान जी कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं। उभ्भा ने कहा कि भगवंत मान केजरीवाल को खुश करने और अपनी कुर्सी बचाने के लिए पंजाब का पैसा बर्बाद करने में लगे हुए हैं। आम आदमी पार्टी के प्रचार के लिए पंजाब का खजाना बर्बाद किया जा रहा है। उभ्भा ने कहा कि भगवंत मान सरकार को हमारे युवाओं और पंजाब के लोगों पर पर्चे दर्ज करने की बजाय ठगों और चोरों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पंजाब सरकार को तुरंत भाना सिद्धू को बिना शर्त रिहा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को समाज सेवा का कार्य करने वाले युवाओं पर पर्चा दर्ज करने की बजाय उन्हें सम्मानित करे।