केंद्र सरकार द्वारा घोषित पेंशन प्रणाली का कर्मचारी डटकर करेंगे विरोध
पुरानी पेंशन बहाली की केंद्र सरकार से करेंगे मांग
मुकेरियां,(राजदार टाइम्स): पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति इकाई के अध्यक्ष रजत महाजन व महासचिव सतीश कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति इकाई मुकेरियां 1 मई को पुरानी पेंशन बहाली के लिए एन.एम.ओ.पी.एस की तरफ से जंतर-मंतर पर होने वाली राष्ट्रव्यापी रोष रैली का पुरजोर समर्थन करेगी तथा बड़ी संख्या में इसमें भाग लेगी। उन्होंने कहा कि यू.पी.एस केंद्र सरकार द्वारा कर्मचारियों की मेहनत की गाढ़ी कमाई को हड़पने की योजना है। इस योजना से कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती बल्कि सरकार कर्मचारी का पैसा रखकर उसकी जमा राशि पर बनते ब्याज को ही पेंशन के रूप में देने जा रही हैं। बड़ा प्रश्न यह है कि उपरोक्त योजना अगर इतनी ही अच्छी है तो विधायक और सांसद इसे अपने ऊपर लागू क्यों नहीं कर रहे हैं। यह केवल सरकारी कर्मचारियों के लिए ही क्यों है…??? उन्होंने कहा कि यू.पी.एस के घातक प्रभावों को देखते हुए पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति ने एन.एम.ओ.पी.एस के बैनर तले होने जा रही राष्ट्रीय स्तर की रोष रैली में बड़ी संख्या में भाग लेने तथा पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया है। इसलिए पंजाब से बड़ी संख्या में एन.पी.एस पीडित कर्मचारी इस रैली में शामिल होकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग और यू.पी.एस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे क्योंकि कोई भी पेंशन प्रणाली पुरानी पेंशन योजना का विकल्प नहीं हो सकती और न ही सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है। इस अवसर पर मंजीत सिंह, जसवंत सिंह,बलविंदर टाक, बृज मोहन, परमजीत, ऋषभ देव, लेक.राजेश कुमार, परसराम, तरसेम लाल, दिलीप कुमार, रमाकांत, जसवीर सिंह, बूटा सिंह, खुशवंत सिंह, सुरेश लोहगढ़, रमेश कुमार, नील कमल, सुरिंद्र सिंह, गुल्विंदर सिंह तथा सुखजिंदर सिंह आदि बड़ी संख्या में एन.पी.एस पीडित कर्मचारी उपस्थित थे।