राज्य सभा सांसद प्रताप बाजवा के भाई फतेहजंग सहित दो विधायक भाजपा में हुए शामिल
क्रिकेटर मोंगिया भी बने भाजपाई
दिल्ली/चंडीगढ़,(केजी शर्मा):
तीन कृषि कानूनों की वापसी के बाद भाजपा ने पंजाब में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। पार्टी लगातार राज्य में अपना कुनबा बढ़ा रही है। इसी के तहत भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। भाजपा ने कादियां से कांग्रेस के विधायक व राज्य सभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा के छोटे भाई विधायक फतेहजंग बाजवा व श्रीहरगोबिंदपुर से विधायक बलविंदर लाडी को भाजपा में शामिल करवाया। गौर हो कि कुछ दिन पहले ही पंजाब कां्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कादिया में एक रैली कर विधायक फतेहजंग बाजवा को फिर से जिताने की बात करते हुए उन्हें अगली सरकार में मंत्री बनाने का वादा भी क्षेत्र के लोंगों से किया था। उक्त नेताओं के अलावा अकाली दल से तीन बार विधायक रहे गुरतेज गुढियान भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने इन नेताओं को दिल्ली में पार्टी की सदस्यता दिलवाई। इन नेताओं के अलावा क्रिकेटर दिनेश मोंगिया ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है।