वार्षिक भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण
दातारपुर,(एसपी शर्मा): कंडी नहर के नजदीक अनंत श्री विभूषित ब्रह्मलीन स्वामी सत्यानंद पुरी महाराज की स्मृति में आश्रम में विशाल वार्षिक भंडारे का आयोजन किया गया। सबसे पहले तपोमूर्ति स्वामी महेश पुरी महाराज की अध्यक्षता में सुंदर काण्ड का सस्वर पाठ किया गया। संकीर्तन प्रवचन के बाद भंडारा लगाया गया। माता कमला देवी पत्नी स्वर्गीय हरसुख राम ने प्रमुख सेवा कार्य किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला, पंजाब मीडियम इंडस्ट्री बोर्ड के पूर्व चैयरमेन एवं दसूहा विधानसभा इंचार्ज भाजपा रघुनाथ राणा, ब्लाक समिति के पूर्व चेयरमैन दलजीत सिंह जीतू तथा अन्य गणमान्य लोगों ने शिरकत की। अपने सम्बोधन में विजय सांपला तथा रघुनाथ राणा ने कहा कि स्वामी महेश पुरी ईलाके में धर्म व संस्कृति का प्रचार प्रसार करते हुए मानवता की सेवा एवं मार्गदर्शन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सद्भावना, समरसता और एकजुटता की भावना पैदा होती है। धार्मिक आयोजनों में सारा समाज बिना जाति-पाति, भेद-भाव, आदि को दरकिनार करते हुए शामिल होता है। यही हमारी सामाजिक, सांस्कृतिक व आध्यात्मिक पहचान है, जो देश को एकजुट रखने में सहायक है। महेश पुरी महाराज ने सभी को सम्मानित किया और आशीर्वाद दिया। भंडारे में फतेहपुर, बह मावा, नमोली, भटोली,सथवां आदि गांवों से और हजारों राहगीरों ने शिरकत की व प्रसाद ग्रहण किया। इस समय पर शाम सुंदर, राजिंदर छोटू, अशोक महंत, अनंत राम, सुरेंद्र कुमार, कमलजीत सिंह के अलावा अन्य लोग भी उपस्थित थे।






