आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पंजाब की तरक्की के लिए 70 वर्षों का इन्तज़ार ख़त्म हुआ

रामगढ़िया भाईचारे को ख़ुशहाली और तरक्की का प्रतीक बताया

होशियारपुर को पर्यटन के तौर पर विकसित करने और महान नायक की याद में कॉलेज और अन्य विभिन्न प्रोजैक्टों का विकास करने का ऐलान

सिंघपुर बरनाला/दसूहा,(राकेश राणा): राज्य की समृद्ध विरासत संबंधी नौजवान पीढ़ी को अवगत करवाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दसूहा-हाजीपुर सड़क का नाम सरदार जस्सा सिंह रामगढ़िया के नाम पर रखने का ऐलान किया।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने महान योद्धा सरदार जस्सा सिंह रामगढ़िया के 300वें जन्म दिवस पर लोगों को बधाई देते हुये कहा कि ऐसे शूरवीरों की बहादुरी ने हमें देश के लिए हमेशा निःस्वार्थ बलिदान करने के लिए प्रेरित किया है। महान सिख गुरू साहिबान ने हमें जबर-ज़ुल्म और बेइन्साफ़ी के विरुद्ध लड़ने का संदेश दिया है और सरदार जस्सा सिंह जैसे योद्धाओं ने महान गुरूओं के डाले पदचिन्हों पर पहरा दिया। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गौरवपूर्ण बात है कि हम ऐसी शानदार विरासत के वारिस हैं, जिसकी दुनिया में कोई मिसाल नहीं मिलती।

पंजाब को प्रति व्यक्ति आय के मामले में मॉडल राज्य के तौर पर विकसित करने के लिए अपनी सरकार के दृढ़ संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पंजाब निवासियों के सपने साकार करने के लिए लोगों का लम्बा इन्तज़ार पूरा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की पवित्र धरती को महान गुरूओं, संतों, पीरों और पैगंबरों का वरदान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पंजाबी जन्म से ही उद्यमी हैं, जिन्होंने विश्व भर में अपना अलग स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि समय की ज़रूरत है कि इस अथाह क्षमता का प्रयोग करके राज्य के सर्वांगीण विकास को यकीनी बनाया जाये। सरकार राज्य की पुरातन शान बहाल करने और इसको ’रंगला पंजाब’ बनाने के लिए इसकी क्षमता का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए वचनबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबी हमेशा हर लड़ाई में अग्रणी रहे हैं, जिस कारण राज्य को देश की खड़गभुजा के तौर पर जाना जाता है। राज्य में बेरोजगारी के खि़लाफ़ संघर्ष शुरु करने का ऐलान करते हुये भगवंत मान ने कहा कि इस धरती पर बेरोजगारी के खि़लाफ़ लड़ाई शुरू की गई है क्योंकि अब तक पारदर्शी ढंग से 29 हज़ार सरकारी नौकरियाँ नौजवानों को दीं जा चुकीं हैं।भ्रष्ट नेताओं के विरुद्ध उठाये गए कदमों का ज़िक्र करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नेताओं से एक-एक पैसा वसूला जायेगा और इस पैसे का प्रयोग राज्य के विकास के लिए किया जायेगा। करदाताओं के पैसे की लूट करने वालों को उनके बुरे कामों के लिए बख्शा नहीं जायेगा। भगवंत मान ने कहा कि भ्रष्ट नेताओं के खि़लाफ़ कार्यवाही शुरू कर दी गई है और उनको सलाखों के पीछे धकेल दिया गया और अन्यों को ऐसी सज़ा भुगतनी पड़ेगी।

सरदार जस्सा सिंह रामगढ़िया को श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बहादुर नायक ने देश की प्रभुसत्ता की रक्षा के लिए 11 लड़ाईयां लड़ी थीं। इस महान नायक के रास्ते पर चलते हुये राज्य सरकार ने भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध जंग छेड़ी हुई है। भगवंत मान ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कई नेताओं को सलाखों के पीछे डाला गया है।यदि सत्ताधारी पार्टी से सम्बन्धित कोई नेता भी भ्रष्टाचार का दोषी पाया गया तो उसे भी बख्शा नहीं जायेगा।सरदार जस्सा सिंह रामगढ़िया के योगदान को याद करते हुये मुख्यमंत्री ने शहीदों के सपनों को साकार करने का वायदा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने भी खटकड़ कलां की पवित्र धरती पर संकल्प लेकर पद संभाला था। बाबा बन्दा सिंह बहादुर के साथ मुगलों के ज़ुल्म के विरुद्ध अनेकों लड़ाई लड़ने वाले अपने दादा जी हरदास सिंह के नक्शे कदमों पर चलते हुये सरदार जस्सा सिंह रामगढ़िया ने कभी भी हमलावरों के ज़ुल्म के आगे सिर नहीं झुकाया था। वह उस समय के दौरान प्रसिद्ध सिख नेता थे जो रामगढ़िया मिसल का सरदार बने। इन महान नायकों को नजरअन्दाज करने के लिए पिछली राज्य सरकारों के विरुद्ध निशाना साधते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की इस नालायकी के कारण राज्य के नौजवानों को इन नायकों के योगदान के बारे जानकारी नहीं। उनकी सरकार ने पद संभालने के बाद कौम के निर्माताओं के नाम पर कई प्रोजैक्ट शुरू किये हैं। भगवंत मान ने जिले के लिए एक कॉलेज समेत विभिन्न प्रोजेक्टों और सड़कों को मज़बूत और चौड़ा करने के प्रोजैक्टों का भी ऐलान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले को पर्यटन स्थान के तौर पर विकसित किया जायेगा और इस सम्बन्धी विभिन्न जल प्रोजैक्ट भी शुरू किये जाएंगे जिससे नौजवानों को रोज़गार के अधिक से अधिक मौके मुहैया होंगे।राज्य सरकार सरकारी खजाने के सही और योग्य प्रयोग के लिए हर हिस्सेदार के सुझाव और सलाह के साथ नीतियाँ या प्रोजैक्ट बना रही है।

इससे पहले कैबिनेट मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा ने शख़्सियतों का स्नेहपूर्ण स्वागत किया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि विभिन्न विकास प्रोजैक्टों को मुकम्मल करके जिले में से पिछड़े क्षेत्र का टैग हटा दिया जायेगा। इस मौके पर पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रोड़ी, विधायक दसूहा करमबीर सिंह घुमन, हल्का इंचार्ज मुकेरियां प्रो.जीएस  मुल्तानी, जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर, नगर निगम  होशियारपुर के मेयर सुरिंदर कुमार, डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल, एसएसपी सरताज सिंह चहल, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन हरमीत सिंह औलख, होशियारपुर दी सेंट्रल सहकारी बैंक के अध्यक्ष बॉबी शर्मा, एसडीएम ओजस्वी अलंकार, अध्यक्ष रामगढ़िया सिख ऑर्गेनाइजेशन इंडिया, हरदेव सिंह कौनसल, महाराजा जस्सा सिंह रामगढिया रामगढ़िया एंड एजुकेशनल कमेटी के अध्यक्ष संतोख सिंह भारज, प्रदेश संयुक्त सचिव सतवंत सिंह सियान सहित अन्य हस्तियां भी उपस्थित रहीं।

Previous articleकक्षा आठवीं के परिणामों में सरकारी मिडल स्कूल उस्मान शहीद का नतीजा रहा सौ प्रतिशत
Next articleਸਰਕਾਰੀ ਕੰਨਿਆ ਸੀਨੀਅਰ ਸੈਕੰਡਰੀ ਸਕੂਲ ਦਾ ਅਠਵੀਂ ਦਾ ਨਤੀਜਾ ਰਿਹਾ 100 ਫੀਸਦੀ