बुधवार से लग सकता है संपूर्ण लॉकडाउन
मुंबई,(राजदार टाइम्स):
महाराष्ट्र में कफ्र्यू के बावजूद संक्रमण बेकाबू हो रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान यहां 58,924 नए केस सामने आए हैं। इसी दौरान 351 लोगों की मौत भी हुई है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए लागू प्रतिबंध नाकाफी साबित हो रहे हैं। ऐसे में महाराष्ट्र में संपूर्ण लॉकडाउन की संभावना तेज हो गई है। वहीं महाराष्ट्र कैबिनेट ने राज्य में सख्त लॉकडाउन की सिफारिश की है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि कैबिनेट बैठक में तय हुआ की लॉकडाउन लगाना ही पड़ेगा। ऐसे में कल (बुधवार) रात आठ बजे से कड़े तरीके से लॉकडाउन लगाया जाएगा लेकिन इसकी घोषणा मुख्य मंत्री उद्धव ठाकरे जल्द कर सकते हैं। सभी मंत्रियों ने सीएम से अपील की है कि वो लॉकडाउन पर जल्द निर्णय लें।
ऑक्सीजन की कमी से परेशान राज्य सरकार
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र में ऑक्सीजन की खपत भी बहुत ज्यादा है। वर्तमान समय में 1500 मीट्रिक टन ऑक्सीजन लग रहा है। लेकिन आने वाले समय में यह संख्या 2000 मीट्रिक टन तक पहुंच जाएगी। पड़ोस के राज्यों से हम 300 मीट्रिक टन ऑक्सीजन मंगा जरूर रहे हैं, लेकिन कई सारी दिक्कतें हैं। कैबिनेट की बैठक में ऑक्सीजन जनरेटर लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए हमने हर कलेक्टर को अपने जिले में एक या दो प्लांट्स बनाने के लिए कहा है।

Previous articleचुनौती बड़ी है लेकिन पार करेंगे : नरेन्द्र मोदी
Next articleगांव टडरां के कई परिवार अकाली दल की तकड़ी छोड़ थामा कांग्रेस का हाथ