शिमला, हिमाचल युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जी सदस्य बनाने का मामला तूल पकड़ गया है। युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने इस मामले को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के समक्ष उठाया है। कार्यकर्ताओं ने कई दस्तावेज भी उन्हें सौंपे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की शिकायत को पार्टी हाईकमान और युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी को फॉर्वड कर दिया है। उन्होंने युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से कार्यकर्ताओं की ओर से उठाए गए मामलों की जांच करने को कहा है, ताकि चुनाव में पूरी तरह से पारदर्शिता रहे। युवा कांग्रेस के सदस्यता अभियान में कई तरह के फर्जीवाड़े के आरोप लगे हैं। हाल ही में एक मामला सामने आया था, जिसमें एक सदस्य का नाम इजरायल हबीबी और पिता का नाम अमरीक सिंह बताया गया है। कुछ के पिता के नाम के आगे फार्मर लिखा गया है। युवा कांग्रेस का कहना है कि सदस्यता अभियान के वेरिफिकेशन का काम चला हुआ है। इसी कारण चुनावी नतीजों में देरी हो रही है। युवा कांग्रेस चुनाव के लिए अगस्त महीने में सदस्यता अभियान शुरू हुआ था, इसमें 3 लाख 58 हजार के करीब सदस्य बने थे। आधे अधूरे दस्तावेज होने के कारण युवा कांग्रेस ने इसकी स्क्रूटनी करवाई थी। ढाई लाख सदस्यों के दस्तावेजों की वेरिफिकेशन हुई। इनमें से 1,16,225 सदस्यों के वेरिफिकेशन का कार्य पूरा हो चुका है। चुनाव में सदस्यता अभियान शुरू से ही विवादों में रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने सदस्यता को लेकर शिकायत की थी। यह मामला मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। ऐसे में युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी को इस शिकायत को फॉवर्ड कर दिया है। उनसे मामले की जांच करने की मांग उठाई है ताकि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

Previous articleभाजपा का दोआबा जोन का कार्यलाय होगा जालंधर में, शिलान्यास करेंगे जगत प्रकाश नड्डा-
Next articleमहिला सशक्तीकरण की प्रतीक झांसी की रानी को जयंती पर किया नमन-