चंडीगढ़,19 नवंबर(राजदार टाइम्स): प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने राज्य में किसान आंदोलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों की आशंकाएं निर्मूल हैं और उनको कुछ राजनीतिक दलों द्वारा भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने यह बात आज शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नजदीकी पटियाला से संबंधित शिअद नेता राष्ट्रीय राजनीतिक सलाहकार अजय थापर को भाजपा में शामिल करने के मौके पर कही। थापर के भाजपा में शामिल होने से शिरोमणि अकाली दल बादल को झटका लगा है। थापर को पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पार्टी में शामिल कराया तथा उन्होंने थापर का भाजपा में स्वागत किया। गौर हो कि पहले भी कई शिअद नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। अश्वनी शर्मा शर्मा ने कहा कि किसानों के आंदोलन व प्रदर्शन की वजह से पंजाब की इंडस्ट्री को भारी नुकसान हो रहा है। इससे राज्य को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने पूछा कि इसकी जवाबदेही कौन लेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वह अपने फैसले पर पुनर्विचार करें और आंदोलन खत्म कर राज्य में रेल सेवा बहाल होने दें। अश्वनी शर्मा ने सुखबीर बादल को ईवीएम को लेकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन की हार हुई तब सुखबीर बादल ने सवाल नही खड़े किए। अब अगले चुनाव में फिर हार का डर से सुखबीर ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं। अकाली दल के अध्यक्ष बेवजह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में ट्रेनें नहीं चलने से त्योहार में फौजी अपने घर नही आ सके। इससे आम यात्रियों को भी बहुत परेशानी हुई। हमें उम्मीद है कि केंद्र सरकार के साथ किसानों की बातचीत आगे चलेगी और राज्य में यात्री ट्रेनों और मालगाडिय़ों का परिचालन जल्द शुरू हो सकेगा।

मीडिया में चर्चा में रहने के लिए रवनीत बिट्टू दें रहे हैं कुछ भी बयान : अश्वनी शर्मा
अश्वनी शर्मा ने लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू पर भी हमला किया और उनके बयानों को लेकर सवाल उठाए। अश्वनी शर्मा ने कहा कि मीडिया में चर्चा में रहने के लिए रवनीत बिट्टू कुछ भी बयान दे रहे हैं। कांग्रेस में उनको भाव नही मिलता इसलिए बयानबाजी करते रहते हैं। भाजपा बिट्टू के बयान को गंभीरता नही लेती है।

Previous articleबंगाल में ला एंड आर्डर संभालने में नाकाम रही ममता सरकार को तुरंत बर्खास्त किया जाए : रमन घई
Next articleभीषण सडक़ हादसे में ट्राली से टकराई कार, तीन लोगों की मौत