चंडीगढ़,26 दिसंबर(राजदार टाइम्स): तीन कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ राष्ट्रपति को कांग्रेस की तरफ से दो करोड़ से हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौंपे जाने की घोषणा की है। इसके लिए पंजाब में भी पार्टी के नेता सक्रिय हो गए हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इसके लिए पंजाब से सात लाख हस्ताक्षर करवाकर भेजे जाने का दावा किया है। कांग्रेस ने देश के साथ पंजाब में भी कृषि कानूनों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि अभी तीन लाख और लोगों के हस्ताक्षर करवाकर भेजे जाएंगे। पार्टी इसके लिए प्रदेश भर में अभियान चला रही है। जाखड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गांधी जयंती के मौके पर किसान हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की थी।