दातारपुर,19 नवंबर(राजदार टाइम्स): वीरांगना नाम सुनते ही हमारे मनोमस्तिष्क में महारानी लक्ष्मीबाई की छवि उभरने लगती है। भारतीय वसुंधरा को अपने वीरोचित भाव से गौरवान्वित करने वाली झांसी की रानी की जयंती पर भाजपा के जिला महासचिव सतपाल शास्त्री ने कहा कि लक्ष्मीबाई सच्चे अर्थों में वीरांगना ही थीं। वे भारतीय महिलाओं के समक्ष अपने जीवन काल में ही ऐसा आदर्श स्थापित करके विदा हुईं। जिससे हर कोई प्रेरणा ले सकता है। वे वर्तमान में महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल भी है। कहा जाता है कि सच्चे वीर को कोई भी प्रलोभन अपने कर्तव्य से विमुख नहीं कर सकता। ऐसा ही रानी लक्ष्मीबाई का जीवन था। उसे अपने राज्य और राष्ट्र से एकात्म स्थापित करने वाला प्यार था। वीरांगना के मन में हमेशा यह बात कचोटती रही कि देश के दुश्मन अंग्रेजों को सबक सिखाया जाए। इसी कारण उन्होंने यह घोषणा की कि मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी। इतिहास बताता है कि इस घोषणा के बाद रानी ने अंग्रेजों से युद्ध किया। शास्त्री ने कहा कि वीरांगना लक्ष्मीबाई के मन में अंग्रेजों के प्रति किस कदर घृणा थी। वह इस बात से पता चल जाता है कि जब रानी का अंतिम समय आया। तब ग्वालियर की भूमि पर स्थित गंगादास की बड़ी शाला में रानी ने संतों से कहा कि कुछ ऐसा करो कि मेरा शरीर अंग्रेज न छू पाएं। इसके बाद रानी स्वर्ग सिधार गईं और बड़ी शाला में स्थित एक झोंपड़ी को चिता का रुप देकर रानी का अंतिम संस्कार कर दिया और अंग्रेज देखते ही रह गए। हालांकि इससे पूर्व रानी के समर्थन में बड़ी शाला के संतों ने अंग्रेजों से भीषण युद्ध किया। जिसमें 745 संतों का बलिदान भी हुआ, पूरी तरह सैनिकों की भांति अंग्रेजों से युद्ध करने वाले संतों ने रानी के शरीर की मरते दम तक रक्षा की। उन्होंने इस अवसर पर महारानी लक्ष्मीबाई को शत शत नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा महारानी लक्ष्मीबाई वास्तव में महिला सशक्तिकरण की एक उत्कृष्ट उदाहरण हैं और उनसे हमेशा प्रेरणा मिलती रहेगी।

Previous articleकुलदीप राठौर ने हाईकमान के समक्ष उठाया युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जीवाड़े का मामला-
Next articleਡੀਏਵੀ ਸੀਨੀਅਰ ਸੈਕੰਡਰੀ ਸਕੂਲ ਬਲੱਗਣ ਸ਼ਹਿਰ ਦੀ ਸ਼ਾਨ : ਜੁਗਲ ਕਿਸ਼ੋਰ ਵਰਮਾ