मानसर,24 दिसंबर(राजदार टाइम्स): भाजपा देश के लोगों को कृषि सुधार कानूनों के नाम पर गुमराह कर रही है। जबकि किसान संगठन भाजपा के सार्वजनिक कार्यक्रमों का पूर्ण रूप से विरोध करते हुए भाजपा नेताओं का घिराव करेंगे। राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित टोल प्लाजा हरसा मानसर पर आयोजित एक हंगामी बैठक को संबोधित करते हुए विभिन्न किसान संगठनों के नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे कृषि सुधार कानूनों का देश की अर्थ व्यवस्था पर हानिकारक प्रभाव पड़ेगा। जिसका विरोध किसान एवं मजदूर यूनियनों द्वारा लगातार किया जा रहा है और पिछले एक महीने से दिल्ली में किसान संघर्ष जारी है। केंद्र सरकार केवल किसानों से बात करने का दिखावा मात्र कर रही है, जबकि भाजपा किसान विरोधी एजेंडे का पालन करते हुए किसान संघर्ष के खिलाफ और कृषि कानूनों के पक्ष में देश के लोगों के बीच भ्रामक प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को किसानों के संघर्ष के खिलाफ गैर जिम्मेदाराना बयान देना बंद करना चाहिए। भाजपा द्वारा कृषि कानूनों पर घोषित सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों का किसान संगठनों द्वारा बहिष्कार किया जाएगा और भाजपा नेताओं को हर जगह घेरा जाएगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा द्वारा होशियारपुर जिले में कहीं भी किसी कार्यक्रम की योजना बनाई जाती है तो टोल प्लाजा हरसा मानसर से बड़ी संख्या में किसान इसका विरोध करने के लिए समूहों में जाएंगे। इस समय धर्मिदर सिंह सिंबली, गुरनाम सिंह जहानपुर, अवतार सिंह बॉबी, सतनाम सिंह बागडिय़ां, मास्टर शिव कुमार, कुलविंदर सिंह गुरदासपुर, इंद्रजीत, नरिंदर सिंह गोली, अमरजीत सिंह कानूनगो, सरवन सिंह उप्पल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Previous articleजिला प्रशासन ने आवारा पशुओं के रिफलेक्टर डालने का अभियान किया तेज
Next articleमंत्री अरोड़ा ने गोबिंद नगर में वाटर सप्लाई के कार्य की कि शुरुआत