मंत्री ने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए दिए 12 करोड़ रुपए  
कहा, शहर में विकास कार्य के लिए नगर निगम को भेजे गए 6 करोड़ 10 लाख रुपए


शहरों व गांवों में विकास कार्यों के लिए फंडों की कमी न आने का दिया भरोसा
होशियारपुर,20 दिसंबर(राजदार टाइम्स): उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पंजाब सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश का विकास करवा रही है। गांवों व शहरों में बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। वे मोहल्ला कीर्ति नगर में आयोजित एक समारोह के दौरान होशियारपुर की 60 पंचायतों को विकास कार्यों के लिए ग्रांट के सेेंक्शन लैटर सौंपने के दौरान संबोधित कर रहेे थे। उन्होंने कहा कि होशियारपुर विधान सभा क्षेत्र में 12 करोड़ रुपए की लागत से और विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। जिनमें गांवों के विकास कार्यों के लिए करीब 6 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं व शहर में विकास कार्यों के लिए नगर निगम को भी 6 करोड़ 10 लाख रुपए का चैक भेज दिया गया है। उपस्थित लोगों को विश्वास दिलाया कि होशियारपुर के विकास के लिए फंडों की कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्य मंत्री की हमेशा से यही सोच रही है कि गांवों में शहरों के बराबर सुविधाएं प्रदान की जाए और उनकी इसी सोच के अंतर्गत प्रदेश के  गांवों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। क्षेत्र के गांवों की पंचायतों को हर आधुनिक सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। गांवों में जहां खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, वहीं यहां स्कूलों में भी हर बुनियादी सुविधा प्रदान की गई है। इस दौरान पहुंची गांवों की पंचायतों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर बहुत खुशी होती है। जब पंचायतें पूरे जज्बे के साथ गांव में विकास कार्य करवाती हैं। पंजाब सरकार पंचायतों की मजबूती के लिए हमेशा वचनबद्ध है और उन्हें विश्वास दिलाती है। सरकार उनके साथ हमेशा खड़ी हैं। उन्होंने बताया कि शहर के विकास कार्यों की गति और तेज करने के लिए नगर निगम के माध्यम से विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इस मौके पर कैप्टन कर्म चंद, नरवीर सिंह नंदी, सुरिंदर पाल सिद्धू, कुलदीप अरोड़ा, दीपक पुरी, मनमोहन सिंह कपूर, सुदर्शन धीर के अलावा 60 गांवों की पंचायते भी मौजूद थी। 

Previous articleरोटरी क्लब दसूहा ग्रेटर द्वारा खुले आसमान के नीचे सोने वाले लोगों को वितरित किए कंबल
Next articleखेले मनोरंजन का साधन होने के साथ माध्यम भी है आजीविका का : प्रदीप प्लाहा