भगवान वाल्मीकि शक्ति सेना ने दिया उप पुलिस कप्तान को एक ज्ञापन
कहा, करोड़ों लोगों की आस्था व भावनाओं को पहुँची है ठेस
दसूहा,(राजदार टाइम्स):
भगवान वाल्मीकि शक्ति सेना (रजि.) पंजाब ने प्रदेशाध्यक्ष वकील अजय कुमार की अध्यक्षता में उप पुलिस कप्तान मुनीष कुमार से मुलाकात करके उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। उपरांत राजदार टाइम्स से बातचीत करते हुए प्रदेशाध्यक्ष वकील अजय कुमार ने कहा कि गत 21 अप्रैल 2021 को श्रीराम नवमी के पावन दिवस के संबंध में परमिंदर सिंह शौंकी नाम के एक व्यक्ति द्वारा अपनी फेसबुक आईडी पर भगवान वाल्मीकि महाराज जी तथा उनके द्वारा रचित दुनियां के महान ग्रंथ श्री रामायण जी तथा श्रीरामायण जी के महान चरित्रों भगवान श्री रामचंद्र जी, माता सीता जी तथा लक्ष्मण जी के प्रति बहुत ही अपमानजनक, घटिया, गंदी एवं मनगढ़ंत शब्दावली का प्रयोग करते हुए करोड़ों लोगों की आस्था के महान पर्व श्रीराम नवमी का उपहास उड़ाया गया। जिसके कारण विश्व में रहने वाले वाल्मीकि तथा हिन्दू समाज के दिलों को गहरी ठेस पहुंची है। जिसके चलते समाज में रोष एवं गुस्से की लहर पाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि महाराज जी ने अपने पावन ग्रंथ श्रीरामायण जी में श्री रामचंद्र जी को मर्यादा पुरुषोत्तम महान चरित्रवान एवं एक धर्मी राजा और अपने सारे ग्रंथ का नायक लिखा है। माता सीता जी को एक सती, पतिव्रता, ऊंचे चरित्र वाली एक धर्मी स्त्री और लक्ष्मण जी को एक आज्ञाकारी, वफादार और अपने बड़े भाई एवं भाभी को माता-पिता समझ कर उनकी नि:स्वार्थ सेवा करने वाला एक धर्मी भाई बताया है। ऐसे महान महापुरुषों, अपने गुरुदेव भगवान वाल्मीकि महाराज जी तथा अपने धार्मिक पर्वों का अपमान हरगिज भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की, कि भगवान वाल्मीकि महाराज जी उनके महान ग्रंथ श्रीरामायण और श्रीरामायण के महान चरित्रों के प्रति भद्दी टिप्पणी करने वाले तथा करोड़ों लोगों की आस्था के पर्व श्रीराम नवमी का उपहास उड़ाने वाले परमिंदर सिंह शौंकी नाम के व्यक्ति के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए, उस पर बनती सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। परंतु यदि अब भी प्रशासन द्वारा इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई ना की गई तो मजबूरन समाज को संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा। जिसकी सारी जिम्मेदारी केवल और केवल सरकार एवं प्रशासन की ही होगी। इस अवसर पर एडवोकेट राजन थापर, जिलाध्यक्ष मनदीप कुमार मन्ना, जिला ग्रामीण अध्यक्ष जगतार सिंह लड्डू, जिला उपाध्यक्ष विजय मट्टू, जिला उपाध्यक्ष लक्की जाजा, सुखदेव सिंह, रजिंदर कुमार, अनिल खोसला, यशपाल, संजीव कुमार, शरण कुमार, मनी, दीपा इत्यादि भी मुख्य तौर पर शामिल हुए।

Previous articleसंक्रमित बच्चों की संख्या में हो रही है वृद्धि
Next articleकोविड वैक्सीन: केंद्रीय जेल के सभी बंदियों व स्टाफ का टीकाकरण