ट्रेनें और बसें रही बंद, सडक़ों पर जमे रहे किसान, बाजारों में भी पसरा रहा सन्नाटा
चंडीगढ़/होशियारपुर,(राजदार टाइम्स):
संयुक्त किसान मोर्चा के आज भारत बंद के आह्वान पर पंजाब में भी किसान संगठन बंद करा रहे हैं। किसान विभिन्न जगहों पर सुबह से ही सडक़ों और रेल ट्रैकों पर आ गए हैं। किसान संगठनों के सदस्यों ने जिला होशियारपुर में भी सडक़ों पर धरना देरकर जाम कर दिया है। दसूहा, मुकेरियां, टांड़ा उडमुड़, माहिलपुर आदि में किसानों ने यातायात अवरुद्ध कर दिया है। इससे बसें और ट्रेनें नहीं चल रही हैं। बस और रेल यात्री परेशान रहे व भटकने को मजबूर थे। किसानों ने शाम छह बजे तक सडक़ और रेल यातायात को बाधित करने का एलान किया था। सेना के वाहनों और एंबुलेंस को जाने दिया गया। सुबह से ही पंजाब में दूध और सब्जियों की सप्लाई बाधित है। अधिकतर जगहों पर बाजार बंद रहे। सूचना अनुसार अमृतसर में किसान मजदूर संघर्ष समिति के सदस्यों ने अमृतसर-दिल्ली रेल ट्रैक जाम कर दिया। पठानकोट में भी किसानों ने सडक़ों को जाम कर दिया है। किसान और मजदूर संगठन के सदस्यों ने बाजारों को भी बंद कराया है। पठानकोट जालंधर राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर स्थित न्यू चक्की पुल के बीच किसानों ने वाहन लगाकर सडक़ पर यातायात बंद कर दिया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर दूर तक वाहनों की कतार लग गई। बठिंडा में भी किसान संगठनों का असर दिख रहा है। भारत बंद का गुरदासपुर और बटाला में भी असर देखने को मिल रहा है। कलानौर में बटाला-गुरदासपुर मार्ग को किसानों ने जाम कर दिया। संगरूर में भारत बंद को पूर्ण तौर पर समर्थन देते हुए व्यापारियों ने बाजार व अपने कारोबार पर बंद रखे हैं। शहर के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। बस स्टैंडों पर भी सन्नाटा छाया रहा। पुलिस ने जगह-जगह नाके लगाकर अन्य वाहनों को डायवर्ट कर हुआ था। अमृतसर सहित राज्यभर में सुबह से किसान और मजदूर संगठनों के सदस्य बंद को सफल बनाने के लिए सडक़ों पर उतर आए और कई जगहों पर रेलवे ट्रकों को भी जाम कर दिया। इससे रेल सेवा भी प्रभावित हुई है। रेल यात्री खासकर लंबी यात्रा पर जाने वाले लोग परेशान हैं।

Previous articleदूध, सब्जियां आज ही खरीद लें
Next articleहिमाचल में स्कूल कॉलेज बंद जानें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लिया निर्णय