बोले, रिमोट कंट्रोल से चलती है कांग्रेस सरकार
आम आदमी पार्टी शराब ठेका खुलवाने की एक्सपर्ट, अकाली दल ने किया अन्याय
जालंधर(राकेश राणा):
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में पहली चुनावी रैली की। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी से लेकर अकाली दल तक को नहीं बख्शा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने संदेश दिया मानस की जात सभौ एक ही पहिचानो। भाजपा इन्हीं आदर्शों पर काम करती है। भव्य काशी धाम हमारे सामने है। हमने करतारपुर कारिडोर बनवाया। मैं आश्वासन देना चाहता हँू कि पंजाब के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। नशामुक्ति के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार को दिल्ली में बैठा परिवार रिमोट कंट्रोल से चलाता है। आम आदमी पार्टी को उन्होंने गली-मोहल्लों में शराब ठेके खुलवाने का एक्सपर्ट बताया। अकाली दल को लेकर कहा कि उन्होंने भाजपा का डिप्टी सीएम नहीं बनाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब में भाजपा गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। नया पंजाब कर्ज से मुक्त और अवसरों से युक्त होगा। नए पंजाब में हर गरीब भाई-बहन को सम्मान और उचित भागीदारी मिलेगी। भ्रष्टाचार और माफिया के लिए जगह नहीं होगी। कानून का ही राज होगा। इसलिए पंजाब का नया नारा नवां पंजाब-भाजपा दे नाल है। रैली में पीएम के साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह और शिअद संयुक्त के अध्यक्ष सुखदेव ढींढसा भी मौजूद रहे।

मिल रही है कांग्रेस को पाप की सजा
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने खुद कबूल किया कि कैप्टन सरकार को वह नहीं भारत सरकार से चला रही थी। पंजाब में कांग्रेस सरकार को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से एक परिवार चलाता है। वह संविधान की परवाह नहीं करते। उन्होंने कहा कि पाप का घड़ा जब भरता है तो फूटता भी है। कांग्रेस को इसकी सजा मिल रही है। आज उनकी अपनी ही पार्टी बिखर रही है। कांग्रेस के लोग ही अपने नेताओं की पोल खोल रहे हैं। आपस में लड़ रहे लोग पंजाब को स्थिर सरकार कैसे दे पाएंगे।
आप ने उठाए थे सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल
आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि गली-मोहल्ले में शराब ठेके खुलवाने के एक्सपर्ट हैं। पंजाब को इनसे सतर्क रहना होगा। यह पंजाब को नशा माफियाओं के हवाले करना चाहते हैं। यह वही लोग हैं, जो सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांग रहे थे। पाकिस्तान के सुर में सुर मिला रहे थे।

बादल ने बनाया बेटे को उप मुख्यमंत्री
अकाली दल पर हमला बोलते हुए कहा कि कहा कि हमारे साथ अन्याय हुआ। भाजपा का उप मुख्यमंत्री बनना चाहिए था। मनोरंजन कालिया को उप मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया। इसकी जगह प्रकाश सिंह बादल ने अपने बेटे को बना दिया। हमने पंजाब के हित को देखते हुए इसे मंजूर किया।
मेरा भी हेलिकॉप्टर रोका गया, कांग्रेस के युवराज के लिए
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी का हेलिकॉप्टर रोके जाने के मुद्दे पर अप्रत्यक्ष तरीके से प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे और प्रधानमंत्री का उम्मीदवार बनाया गया तो प्रचार के लिए पठानकोट आया था। मुझे हिमाचल दौरे पर जाना था। उस समय कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की वजह से उनका हेलिकॉप्टर नहीं उडऩे दिया गया। उन्हें सत्ता का इतना घमंड था।
बोले, जाना चाहता था मन्दिर, पुलिस-प्रशासन ने किए हाथ खड़े
रैली के बाद श्री देवी तलाब मन्दिर में माता के दर्शन करना चाहते थे। यहां की पुलिस और प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि हम बंदोबस्त नहीं कर सकते। आप हेलिकॉप्टर से ही चले जाईए। कहा कि वह दोबारा जरूर आएंगे तथा माँ के चरणों में सिर झुकाकर रहेंगे।

Previous articleयुवक की हत्या के संबंध में परिजनों ने किया घण्टो राष्ट्रीय मार्ग अवरूद्ध
Next articleहोशियारपुर, गुरदासपुर चुनावी रैली में बोले राहुल गांधी