सभी वर्गों के लोग देख रहे हैं आम आदमी पार्टी की तरफ
मुकेरियां,(राजदार टाइम्स):
पंजाब की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2017 में लोगों से किए गए किसी भी वादे को अभी तक पूरा नहीं किया है। कांग्रेस अब दीवार पर लिखा साफ-साफ पढ़ रही है कि राज्य के लोग उन्हें अब चलता करने के लिए तैयार हैं। कांग्रेसी नेताओं के लिए यह मुश्किल होता जा रहा है कि वह गांवों व शहरों में जाकर जवाब दें। क्योंकि लोग अब जागरूक हो चुके हैं। यह शब्द आम आदमी पार्टी पंजाब के संयुक्त सचिव प्रो.जीएस मुल्तानी ने गांव महताबपुर में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि लोग कांग्रेसी नेताओं से पूछ रहे हैं कि घर-घर जाकर सेवा कहां है, पंजाब में नशाखोरी क्यों नहीं खत्म हुई। सभी का कर्ज माफ क्यों नहीं हुआ, गुरु साहिब का अपमान करने वालों का क्या हुआ। निजी कंपनियों के साथ अकाली-भाजपा द्वारा किए गए बिजली खरीद समझौते को रद्द क्यों नहीं किया गया। वर्ष 2017 के चुनावों से पहले कांग्रेस द्वारा किए गए अन्य सभी वादे अब कांग्रेस नेताओं के लिए जवाब देना बहुत मुश्किल बना रहे हैं। मुलतानी ने कहा कि कांग्रेस अब नवजोत सिंह सिद्धू को अध्यक्ष बनाकर लोगों को एक बार फिर गुमराह करने की राजनीति करना चाहती है, लेकिन इस बार लोग कांग्रेस की इन चालों में आने वाले नहीं हैं। लोगों को अब पारंपरिक पार्टियों से निजात पाने का मन बना चुके हैं। सभी वर्गों के लोग आम आदमी पार्टी की तरफ देख रहे हैं। जैसे-जैसे चुनावों का समय नजदीक आ रहा है, लोग आप के साथ जुड़ते जा रहे हैं। गांव महताबपुर में बैठक के दौरान लोगों ने अकाली-भाजपा व कांग्रेस के दौरान हो रही लूट की निंदा की। इस समय पर हरजीत सिंह सहोता, अमित कुमार, रमेश कुमार, मनजीत सिंह, अमरजीत सिंह सैनी, बख्शीश सिंह फौजी, जतिंदर शर्मा, दर्शन सिंह, गुरशरण सिंह, जतिंदर सिंह, जोगिंदर सिंह, गोपाल ठाकुर, डॉ.अमरजीत सिंह, नम्बरदार नसीब, बलकार सिंह, मनोहर लाल, विशाल शर्मा, संजीव सिंह, कुलवंत सिंह, विक्की वर्मा, मास्टर तरसेम सिंह, जसवंत सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।

Previous articleपुनीत पिंटा की उपरली जैनी में हुई बैठक में उमड़ा भारी जनसमूह
Next articleਜ਼ਿਲ੍ਹਾ ਕਾਨੂੰਨੀ ਸੇਵਾਵਾਂ ਅਥਾਰਟੀ ਵਲੋਂ ਕੇਂਦਰੀ ਜੇਲ੍ਹ ’ਚ ਮੈਡੀਕਲ ਕੈਂਪ ਕੀਤਾ ਗਿਆ ਆਯੋਜਤ