भगवान श्रीराम मन्दिर का निर्माण होते देखना हमारे लिए सौभाग्य की बात : सुभाष मकरंदी
कपूरथला,(राजदार टाइम्स):
अयोध्या में बनने जा रहे श्रीराम मन्दिर के लिए हरेक व्यक्ति अपनी श्रद्धा से सहयोग करके प्रभु श्रीराम जी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहा हैं। राम भक्तों का कहना है कि श्रीराम लला का मन्दिर शीघ्र तैयार हो ताकि वह वहां पर नतमस्तक हो सकें। मन्दिर निर्माण के लिए कपूरथला समाज सेवक भी पूरा सहयोग देकर खुशी महसूस कर रहे हैं। यह विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता सुभाष मकरंदी और विश्व हिन्दू परिषद जालंधर विभाग के अधक्ष्य नरेश पंडित ने व्यक्त किए। समाज सेवक कपिल गुप्ता की तरफ से उन्हें श्रीराम जन्मभूमि के लिए सहयोग दिया गया। राम मन्दिर का आंदोलन 500 वर्षों से अधिक का है। अयोध्या में कई बार ऐसे भी आंदोलन मन्दिर निर्माण के लिए हुए, जिसमें रामभक्तों ने अपना बलिदान दिया। बहुत ऐसे राम भक्त हैं जोकि आज हमारे बीच नहीं हैं। रामभक्तों का बलिदान भुलाया नहीं जा सकता। सुभाष मकरंदी ने कहा कि 500 वर्षों का आंदोलन देश में अनवरत चला। स्वतंत्र भारत में इस आंदोलन को गति 1984 के बाद मिली। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मन्दिर का निर्माण हो,इसके लिए लाखों रामभक्तों ने कारसेवा की। हजारों भक्तों ने कष्ट सहा, सैकड़ों रामभक्तों ने अपने प्राण मन्दिर निर्माण आंदोलन में दिए। राम मन्दिर के लिए कई संघर्ष हुए और कई भक्तों की जान भी गई। उस समय कहीं जाकर अब हम राम मन्दिर का निर्माण होते देख रहे हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि के लिए सैकड़ों वर्षों तक संघर्ष चलता रहा। जन्मभूमि के लिए 70 बार युद्घ लड़ा गया और चार लाख लोग बलिदान हुए। वर्ष 1986 में राम जन्मभूमि का ताला राम भक्तों के लिए खोल दिया गया। विहिप के अशोक सिंघल व संतों के मार्गदर्शन में पूरे देश में शिलाओं का पूजन हुआ। इनमें लगभग तीन लाख शिलाएं पूरे देश में पूजी गईं। इस अवसर पर विशाल शर्मा, अर्जुन कालिया, संजीव अरोड़ा, अमरजीत पथरिआ, कपिल गुप्ता, कुलदीप शर्मा, सतीश महाजन आदि उपस्थित थे।

Previous articleमोदी के रैली में पहुंचने से एक घंटे पहले मिथुन ने भाजपा ज्वाइन की
Next articleएक और किसान ने की टिकरी बॉर्डर पर आत्महत्या