क्राफ्ट्स बाजार में उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के बैनर तले कलाकार दिखा रहे हैं विभिन्न राज्यों की संस्कृति
होशियारपुर,
(): जिला प्रशासन की ओर से लाजवंती स्टेडियम में करवाए जा रहे क्राफ्ट्स बाजार में जम्मू का जागरवा डोगरी नृत्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के बैनर तले इस क्राफ्ट्स बाजार में अलग-अलग राज्यों से आए कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए देश की महान संस्कृति से लोगों को परिचित करवा रहे हैं। रवि शर्मा द्वारा निर्देशित जागरवा डोगरी नृत्य में दूल्हे की शादी को खूबसूरती से दिखाया गया है। इसमें दूल्हे के घर में लड़कियां नाचती है जब दूल्हा शादी के लिए गया होता है। ऐसे में रात का समय बिताने के लिए महिलाएं घर पर दलस्सी में पैर डाल कर खुशी से झूमती है। उन्हें इस बात की खुशी होत है कि सुबह की पहली किरण के साथ ही उनके घर में नई दुल्हन आएगी। इस नृत्य में भाग लेने वाले कलाकार जब मेहमानों को मिठाई के तौर पर चने बांटते हैं तो वह दृश्य हर किसी को प्रभावित करता है

रवि शर्मा बताते हैं कि यह नृत्य सदियों से चला आ रहा है। इसमें 11 लड़कियां तथा चार लडक़े भाग लेते हैं और उनके साथ एक कोरियोग्राफर होता है। यह जम्मू की सभ्यता को दर्शाता है। रवि शर्मा बताते हैं कि उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के प्रोग्राम अधिकारी रविंदर शर्मा, भूपेंद्र सिंह ने हमेशा ही उन्हें प्रोत्साहित किया है और अलग- अलग जगह पर लगने वाले मेले में भाग लेने का अवसर प्रदान किया है। इससे बच्चों में भी नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि पंजाब जम्मू के साथ ही लगता है, इस लिए यहां आकर ऐसा लगता ही नहीं कि हम किसी दूसरी जगह पर आए हैं। एक दूसरे की संस्कृति को देखकर हमें इस बात पर गर्व होता है कि हमारे देश की संस्कृति कितनी महान है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा दिए गए सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Previous articleਕੱਚੇ ਅਧਿਆਪਕ 27 ਮਾਰਚ ਨੂੰ ਕੱਢਣਗੇ ਸੰਗਰੂਰ ‘ਚ ਸਵਾਗਤੀ ਮਾਰਚ
Next articleनगर की शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी धर्मों का अहम योगदान: डा.घई