साथ में दो उप मुख्यमंत्री रंधावा व सोनी के साथ ली शपथ
दूर रहे अमरिंदर समारोह से, पंजाब के इतिहास में पहले दलित मुख्यमंत्री
चण्ढ़ीगड,(राजदार टाइम्स):
पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ उप मुख्यमंत्री के तौर पर जट्ट सिख कम्युनिटी से सुखजिंदर सिंह रंधावा और हिंदू नेता के तौर पर ओपी सोनी ने भी शपथ ली। उधर अपमानित होकर मुख्यमंत्री की कुर्सी छोडऩे को मजबूर हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आए। सूत्रों अनुसार नए मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी दोपहर तक कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने सिसवां फार्म हाउस जा सकते हैं। चरणजीत चन्नी अब पंजाब के इतिहास में पहले दलित मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय का चार्ज संभाल लिया है। गौर हो कि पहले सोनी की जगह ब्रह्म मोहिंदरा का नाम घोषित किया गया था। मोहिंदरा कैप्टन ग्रुप से हैं, इसलिए अंतिम समय में उनका पत्ता कट गया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के समर्थन से चन्नी मुख्यमंत्री की कुर्सी पाने में कामयाब रहे। पंजाब में पहली बार दो उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे होना था, लेकिन राहुल गांधी के इंतजार में 22 मिनट की देरी हुई। इसके बाद शपथ ग्रहण शुरू करवा दिया गया। राहुल गांधी उसके बाद राजभवन पहुंचे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दी चन्नी को बधाई
चरणजीत चन्नी के मुख्य मंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पंजाब सरकार के साथ पंजाब के लोगों की भलाई के लिए काम करते रहेंगे।
शपथ के बाद मंत्रिमंडल पर नजर
चरणजीत चन्नी के शपथ लेने के बाद अब उनके मंत्रिमंडल पर सबकी नजर है। चन्नी अब तक तकनीकी शिक्षा मंत्री रहे थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद अब उनके पास कौन-सा मंत्रालय रहेगा। दो उप मुख्यमंत्री के पास कौन-सी जिम्मेदारी होगी। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अब कौन मंत्री बनेगा और कैप्टन सरकार के मंत्रियों में से किसका पत्ता कटेगा।

Previous articleअलीबाबा बदलने से बाकी चोर दूध के धुले नहीं हो जाएंगे : प्रो.जीएस मुल्तानी
Next articleधर्म कर्म तथा समाज सेवा के कार्यों में सोनालीका ग्रुप ने सदैव निभाई अगृणी भूमिका : अविनाश राय खन्ना