8 सितंबर को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव मेजर अमरदीप सिंह रखेंगे नींव पत्थर।
सुजानपुर के लोगों को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दी सौगात।
पठानकोट, ():
विधान सभा सुजानपुर के लोगों को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने एक और सौगात दी है। 8 सितंबर को विधानसभा सुजानपुर के गांव में अद्दे खूह के पास खेल स्टेडियम का नींव पत्थर रखा जाएगा। नींव पत्थर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव मेजर अमरदीप सिंह रखेंगे। उक्त जानकारी पंजाब ट्रेडर्स बोर्ड चेयरमैन पुनीत सैनी पिंटा ने दी। उन्होंने बताया कि 8 सितंबर को अद्दा खूह के पास छिंज मेला करवाया जाएगा। जिसमें बतौर मुख्यातिथि मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव मेजर अमरदीप सिंह मानेपुर शामिल होंगे। इनके अलावा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के ओएसडी दमनजीत सिंह मोही भी विशेष तौर पर शिरकत करेंगे। पिंटा ने बताया कि छिंज मेले में दोपहर 12 से 3 बजे तक अंर्तराष्ट्रीय गायक प्रीत हरपाल भी पहुंचेंगे। साढ़े 3 बजे खेल स्टेडियम का नींव पत्थर रखा जाएगा और फिर कुश्तियां करवाई जाएंगी। इस खेल स्टेडियम पर 44 लाख 38 हजार रुपए खर्च आएगा। सुजानपुर विधानसभा के युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति आकर्षित करने के लिहाज से मुख्यमंत्री ने यह सौगात हलके के लोगों को दी है। उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम के बनने के बाद युवाओं को दूर दराज नहीं जाना पड़ेगा। उनका मकसद सुजानपुर हलके में रोजगार लाना है। इसके अलावा, युवाओं के लिए खेल मैदान और हलके के लोगों की मुख्य मांगों का हल करवाना है। जिसके लिए वह हर संभव प्रयास कर रहे हैं और माननीय मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है।