कहा, मैं तो आया हूँ, गुजरात और गुजरातियों को जीतने
अहमदाबाद,(राजदार टाइम्स):
पिछले दिनों देश के पाँच राज्यों में हुए विधानसभा के चुनावों में पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा भारी विजय से गदगद अब आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की नजरे गुजरात विधानसभा के चुनाव पर है। आज केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुजरात के दो दिन के दौरे पर अहमदाबाद पहुँचे। स्थानीय साबरमती आश्रम के दर्शन के बाद केजरीवाल और मान का रोड शो निकला। करीब 1 किमी लंबा यह रोड शो उत्तमनगर के पास खोडियार मन्दिर से शुरू होकर बापूनगर ब्रिज पर समाप्त हुआ।

रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल ने गुजराती भाषा में मजा मा (ठीक हो) कहकर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वह एक छोटी बच्ची के हाथ में तिरंगा देखकर खुश हैं। वह भ्रष्टाचार खत्म करना चाहते हैं। दिल्ली में भ्रष्टाचार खत्म हो चुका है, अब बिना पैसे दिए सारे काम होते हैं। पंजाब में 10 दिनों में ही भ्रष्टाचार पर लगाम लगा दी। वह राजनीति नहीं करना चाहते, भ्रष्टाचार मिटाना चाहते हैं। कहा कि भाजपा यहां 25 साल से है, लेकिन भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ। वह किसी पार्टी की बुराई नहीं करते। वह भाजपा या कांग्रेस को हराने के लिए नहीं, बल्कि गुजरात और गुजरातियों को जीतने आए हैं। आम आदमी पार्टी को मौका दें। इन लोगों ने 25 साल तक शासन किया। अब आप हमें मौका दें। अगर आपको हमारे पांच साल पसंद नहीं आएं तो, हमे भी बदल दीजिएगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ने कहा कि हमने खोडियार मां के दर्शन कर उनसे ताकत मांगी है। रोड शो में बड़ी संख्या में लोग आए हैं। साफ देखा जा सकता है कि आपकी देशभक्ति में कोई कमी नहीं है। भीड़ और तिरंगा अरविंद केजरीवाल के लिए कोई नई बात नहीं है। दिल्ली व पंजाब तो हो गया अब हमारा गुजरात कहने की बारी है।